
केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी के जन्मदिवस पर राष्ट्रीय मराठी संघ ने दी शुभकामनाएं
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान :नई दिल्ली
नई दिल्ली,— देश के लोकप्रिय एवं विकास पुरुष के रूप में पहचान रखने वाले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari के 69वें जन्मदिवस के अवसर पर राष्ट्रीय मराठी संघ के पदाधिकारियों ने नई दिल्ली में उनसे शिष्टाचार मुलाकात कर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की।
इस आत्मीय भेंट के दौरान राष्ट्रीय मराठी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री आनंद रेखी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री सुभाष लोखंडे, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष श्री अतुल बोकरिया जैन एवं श्री प्रितम गवारे उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर केंद्रीय मंत्री का अभिनंदन किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर जनसेवा की कामना की।
मुलाकात के दौरान संघ पदाधिकारियों ने कहा कि श्री गडकरी के नेतृत्व में देशभर में सड़क एवं राजमार्ग विकास को नई गति मिली है। आधुनिक एक्सप्रेस-वे, बेहतर कनेक्टिविटी और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उनके कार्यों ने भारत की विकास यात्रा को नई दिशा प्रदान की है। उनकी कार्यशैली, दूरदृष्टि और जनहित के प्रति समर्पण देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
राष्ट्रीय मराठी संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री गडकरी के कुशल नेतृत्व में भारत आने वाले समय में विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।


