
बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी,बिहार
बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
सीतामढ़ी:
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रभारी डीएम संजीव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया, जबकि सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक में प्रभारी डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी बीडीओ, सीओ एवं थानाध्यक्षों को लगातार संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर विधि-व्यवस्था पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का फैसला लिया है। जिला पुलिस की साइबर सेल एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की सोशल मीडिया टीम को 24 घंटे सक्रिय रहकर फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्विटर, इंस्टाग्राम समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। अफवाह फैलाने वालों एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी डीएम ने कहा कि शांति भंग करने या कानून को हाथ में लेने वाले तत्वों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सादे लिबास में पुलिसकर्मी भी शरारती तत्वों पर नजर रखेंगे।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी निभाएं। विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए वरीय अधिकारियों को जवाबदेही भी सौंपी गई है।
प्रशासन द्वारा 28 मई सुबह 6 बजे से 30 मई रात 10 बजे तक जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06226-250316 जारी किया गया है।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार, डीएसपी मुख्यालय-02 विनय कुमार, डीटीओ प्रशांत कुमार, डीसीएलआर अमित राज सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।



