
कलेक्टर ने जनसुनवाई में 85 आवेदनों को विभागीय अधिकारियों को कार्यवाही हेतु प्रेषित किया
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त 85 आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित कर समुचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये। मुन्नीलाल तिवारी के खसरा सुधार व नामांतरण, नक्शा तरमीम की जांच के संबंध में प्राप्त आवेदन को एसडीएम मऊगंज को कार्यवाही हेतु प्रेषित किया। उन्होंने अतुल साहू निवासी मऊगंज वार्ड 7 के सार्वजनिक हैण्डपंप को अतिक्रमण मुक्त करने के आवेदन पर कार्यपालन यंत्री पीएचई व सीएमओ नगर परिषद को, दिलीप कुमार यादव के खेत के ऊपर से बड़ी विद्युत लाइन को हटाने के आवेदन पर एमपीईबी को, रामबहोर निवासी शाहपुर के राजस्व अभिलेख में सुधार के आवेदन को नायब तहसीलदार शाहपुर को तथा सूर्यमणि द्विवेदी निवासी बरयाकला के विद्युत बिल में सुधार के आवेदन पर एमपीईबी को परीक्षण कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
जनसुनवाई में रामबदन पटेल जुड़मनिया रघुनाथ के षणयंत्र पूर्वक भूमि को दान पत्र रजिस्ट्री कराने के आवेदन पर नायब तहसीलदार को जांचकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा हर्रहा में बिना सहमति के खदान स्वीकृत न करने के ललिता मौर्य के आवेदन पर खनिज विभाग के अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के लिये कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया। रामसिया साहू निवासी चक्रमाटी के शासकीय बोर से पानी लेने में प्रतिबंध के संबंध में प्राप्त आवेदन पर सीईओ जनपद मऊगंज को जांचकर कार्यवाही करने तथा हनुमना के पांती मिश्रान टोला में छोलाछाप डॉक्टर द्वारा चिकित्सा करने के राजेश कुमार केवट के आवेदन पर एसडीएम हनुमना को छापामार कार्यवाही कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश कलेक्टर ने जनसुनवाई में दिये।

