
सीतामढ़ी पुलिस का सघन वाहन जांच अभियान जारी, अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी : पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी के निर्देशानुसार जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण के उद्देश्य से सभी थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच की जा रही है।
वाहन जांच के दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट एवं अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। साथ ही शराब तस्करी, अवैध हथियारों के परिवहन तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
सीतामढ़ी पुलिस द्वारा यह अभियान जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थलों पर नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना है।
सीतामढ़ी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा पुलिस जांच अभियान में सहयोग प्रदान करें। जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


