
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 से 21 जून तक चलेगा जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने की।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत जनपद में लगभग साढ़े पांच लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा 8 से 14 जून तक जनसंपर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम, 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद, 14 से 16 जून तक जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले, 16 से 17 जून तक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी, 18 से 19 जून तक प्राकृतिक खेती कार्यशाला तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम सेवा, सुशासन, संस्कार और सम्मान की भावना के साथ संचालित किए जाएं तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने रात्रि चौपालों में अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने और जनसमस्याओं का मौके पर समाधान करने पर भी जोर दिया।
बैठक में विधायक सरिता भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


