
मिशन समाधान के तहत औरैया में 58 पुराने मामलों का निस्तारण, सरकारी भूमि से हटाए गए अवैध कब्जे
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया,उत्तर प्रदेश
औरैया, । जनपद में चलाए जा रहे मिशन समाधान अभियान के तहत राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने और वर्षों पुराने राजस्व विवादों का निस्तारण किया। अभियान के दौरान चकरोड, तालाब, नाली, खेल मैदान, बंजर भूमि तथा अन्य सार्वजनिक संपत्तियों की पैमाइश कराकर सीमांकन किया गया।
तहसील औरैया क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कुल 22 मामलों का निस्तारण किया गया। वहीं तहसील अजीतमल में 12 मामलों में कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे हटवाए गए और आपसी विवादों का समाधान कराया गया।
इसी प्रकार तहसील बिधूना के अनेक गांवों में वर्षों से लंबित 24 मामलों का निस्तारण किया गया। राजस्व एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश, निशानदेही और सीमांकन की कार्रवाई कर चकरोड, नाली, तालाब, खेल मैदान और बंजर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
प्रशासन के अनुसार मिशन समाधान के तहत जिले में कुल 58 पुराने मामलों का पारदर्शी और नियमानुसार निस्तारण किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवादों का शांतिपूर्ण समाधान करना तथा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना है। प्रशासन ने कहा कि आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



