
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 से 21 जून तक चलेगा जनकल्याण एवं जागरूकता अभियान
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक जनपद में सेवा, सुशासन, संस्कार एवं सम्मान आधारित समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसकी समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर ‘गुरु’ की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में बताया गया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर जिलेभर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने पंचायत सचिवालयों में पर्याप्त पौधे उपलब्ध कराने तथा उनके संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
11 जून को विकासखंड औरैया में प्रबुद्ध वर्ग संवाद, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित होंगे। वहीं 14 से 16 जून तक विभिन्न विकासखंडों में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन कर सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
16 एवं 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के तहत प्रबुद्ध नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम होंगे। 18 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें विकसित उत्तर प्रदेश-2047 विजन एवं विभिन्न विकास परियोजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। 18 जून को प्राकृतिक खेती पर कार्यशाला भी आयोजित होगी।
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला, तहसील, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि योग दिवस का उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कार्यक्रमों के सफल एवं प्रभावी आयोजन का आश्वासन दिया।



