
विश्व पर्यावरण दिवस पर वन स्टॉप सेंटर में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा:विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन स्टॉप सेंटर इटावा में “एक पेड़ माँ के नाम” पौधारोपण अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री विनय कुमार ने पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने उपस्थित कार्मिकों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बढ़ते प्रदूषण, तापमान में वृद्धि और बदलते मौसम चक्र को देखते हुए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेना भी जरूरी है।
वन स्टॉप सेंटर परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से सहजन, नीम, पीपल, आम और जामुन सहित विभिन्न पर्यावरण अनुकूल पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन कार्यालय के अक्षय वर्मा (कनिष्ठ सहायक), वंदना भदौरिया, अजित कुमार दुबे, अर्चना भदौरिया, संजीव कुमार, अभिषेक वर्मा तथा कार्यालय स्वरोजगार इटावा के सूर्य नारायण पाण्डेय, संतोष कुमार सहित अन्य कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।



