मत्स्य विभाग की तीन योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 28 जून तक कर सकेंगे आवेदन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । मत्स्य पालन को बढ़ावा देने तथा मत्स्य पालकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सहायक निदेशक मत्स्य ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभागीय पोर्टल पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना तथा सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम स्थापना योजना के अंतर्गत लाभार्थियों से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया 08 जून से प्रारंभ होकर 28 जून 2026 तक चलेगी।
इच्छुक लाभार्थी विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग आवेदन करना अनिवार्य होगा। योजनाओं से संबंधित परियोजना विवरण, इकाई लागत, पात्रता, आवश्यक अभिलेख एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है।
सहायक निदेशक मत्स्य ने बताया कि पूर्व वर्षों में जिन आवेदकों के आवेदन निरस्त या प्रतीक्षारत रह गए थे, वे भी पुनः आवेदन कर सकते हैं। साथ ही योजनाओं में भविष्य में होने वाले किसी भी संशोधन की स्थिति में संशोधित प्रावधान लागू होंगे।
योजनाओं से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति मत्स्य विभाग के जनपदीय, मंडलीय अथवा मत्स्य निदेशालय कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस में संपर्क कर सकते हैं।