
वृक्षारोपण लक्ष्य समय से पूरा करें, पौधों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो : डीएम
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण और नदी स्वच्छता से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शासन द्वारा निर्धारित वृक्षारोपण लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गड्ढा खुदाई की फोटो जनपद वृक्षारोपण ग्रुप में भेजी जाए तथा पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और रखरखाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पौधारोपण सुरक्षित स्थानों पर करने पर विशेष जोर दिया।
जिला गंगा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को पुरहा नदी से संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं नगर पालिका परिषद को ठोस अपशिष्ट को नदियों में जाने से रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जैव चिकित्सा अपशिष्ट (बायो मेडिकल वेस्ट) अत्यंत खतरनाक होता है, इसलिए इसके सुरक्षित प्रबंधन की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, प्रभागीय वनाधिकारी सी.पी. सिंह, उपायुक्त मनरेगा, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा नमामि गंगे परियोजना से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।


