उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

डीएम ने मेडिकल कॉलेज व 100 शैया अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, दो स्टाफ नर्सों का वेतन रोकने के निर्देश

डीएम ने मेडिकल कॉलेज व 100 शैया अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, दो स्टाफ नर्सों का वेतन रोकने के निर्देश

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया, । जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने लोकमाता पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होल्कर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं 100 शैया चिकित्सालय चिचौली का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों को मिल रही सेवाओं की समीक्षा की।

 

डीएम ने अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर सीलन एवं अव्यवस्था देखकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड सहित विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा मरीजों एवं तीमारदारों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड की सेवाएं पीपीपी मॉडल के तहत आमजन को निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

इसके बाद जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया। यहां वर्तमान में 12 गंभीर कुपोषित बच्चों का उपचार चल रहा है, जबकि केंद्र की क्षमता 30 बेड की है। डीएम ने औषधि वितरण कक्ष, इमरजेंसी वार्ड और एक्स-रे कक्ष का भी निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्स नरेश मनारिया एवं रवींद्र कई दिनों से अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को दोनों कर्मचारियों के वेतन आहरण पर अगले आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए।

 

मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा पोस्टमार्टम हाउस तक जाने वाले कच्चे मार्ग की समस्या उठाए जाने पर डीएम ने लोक निर्माण विभाग के समन्वय से शीघ्र सड़क निर्माण कराने के निर्देश दिए। बाद में उन्होंने प्रधानाचार्य एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के साथ बैठक कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button