अपराधपूणेमहाराष्ट्र

पुणे-मुंबई महामार्ग पर बड़ी कार्रवाई, 1.35 करोड़ रुपये का अवैध शराब और वाहन जब्त

पुणे-मुंबई महामार्ग पर बड़ी कार्रवाई, 1.35 करोड़ रुपये का अवैध शराब और वाहन जब्त

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान: पुणे महाराष्ट्र 

पुणे, । राज्य उत्पाद शुल्क विभाग ने पुणे-मुंबई महामार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से परिवहन की जा रही विदेशी शराब की खेप जब्त की है। कार्रवाई के दौरान शराब, वाहन तथा अन्य सामग्री सहित कुल 1 करोड़ 35 लाख 99 रुपये मूल्य का माल बरामद किया गया।

 

राज्य उत्पाद शुल्क अधीक्षक अतुल कानडे ने बताया कि विभागीय आयुक्तों के निर्देश पर की गई कार्रवाई में हवेली तहसील के सुतारवाड़ी-पाषाण क्षेत्र में एक कंटेनर वाहन की जांच की गई। जांच के दौरान वाहन में गोवा निर्मित विदेशी शराब के 1,200 बॉक्स बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि शराब पर मध्य प्रदेश में बिक्री के लिए उपयोग किए जाने वाले कथित फर्जी लेबल लगाए गए थे।

 

बरामद शराब ‘रॉयल सेलेक्ट डीलक्स व्हिस्की’ ब्रांड की बताई गई है। कंटेनर से 180 मिलीलीटर क्षमता की कुल 10,368 लीटर शराब जब्त की गई। शराब की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 20 लाख 96 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि वाहन की कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है।

 

वाहन चालक से शराब परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में प्रस्तुत टैक्स इनवॉइस एवं अन्य दस्तावेज भी संदिग्ध और फर्जी पाए गए। इसके बाद चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र मद्यनिषेध अधिनियम, 1949 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्त शराब के नमूने रासायनिक परीक्षण के लिए भेजे गए हैं और यह जांच की जा रही है कि शराब नकली तो नहीं है।

 

इस कार्रवाई को निरीक्षक संदीप कदम और उनकी टीम ने अंजाम दिया। राज्य उत्पाद शुल्क विभाग ने नागरिकों से अवैध शराब से दूर रहने तथा ऐसे किसी भी अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button