
औरैया में प्रवक्ता (पुरुष/महिला) परीक्षा को लेकर डीएम ने दिए सख्त निर्देश, नकलविहीन व पारदर्शी आयोजन पर जोर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । लोक सेवा आयोग द्वारा 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इण्टर कॉलेज (प्रा0) परीक्षा 2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन तरीके से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में बैठक की।
बैठक में सेक्टर/स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना होगा, ताकि परीक्षा सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी प्रकार की चुनौती को तत्परता से निस्तारित करें, जिससे परीक्षा की शुचिता बनी रहे।
उन्होंने कहा कि परीक्षा को प्रत्येक स्थिति में नकलविहीन रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया गया कि वे परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचें और पूरी अवधि तक मुख्यालय पर ही उपस्थित रहें। किसी भी समस्या की सूचना एक दिन पूर्व ही उपलब्ध कराई जाए।
केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं डीवीआर प्रणाली सुचारू रूप से कार्यरत रहे। साथ ही पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण अनिवार्य रूप से करने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, फोटोकॉपी मशीन सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी।
नोडल अधिकारी ने जानकारी दी कि यह परीक्षा जनपद के 09 परीक्षा केंद्रों पर प्रातः 09:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक एवं केंद्र प्रतिनिधियों की तैनाती की गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल भी लगाया गया है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) अविनाश चंद्र मौर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार, सभी उप जिलाधिकारीगण, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विद्यालय निरीक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



