आगामी 24 घंटों हेतु आंधी-तूफान, वज्रपात एवं ओलावृष्टि की संभावना के दृष्टिगत ऑरेंज अलर्ट जारी-
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
सचेत ऐप के माध्यम से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान जनपद इटावा के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वर्षा, 60-70 किमी प्रति घंटा से 80 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना व्यक्त की गई है। उक्त परिस्थितियों के दृष्टिगत ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
जिलाधिकारी महोदय ने जनपदवासियों से अपील की है कि संभावित प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को देखते हुए पूर्ण सतर्कता एवं सावधानी बरतें तथा मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान, वज्रपात एवं ओलावृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदाओं से जन-धन की क्षति की संभावना को न्यूनतम करने हेतु नागरिकों का जागरूक, सतर्क एवं सजग रहना अत्यंत आवश्यक है।
सावधानियां एवं आवश्यक परामर्श
क्या करें
• मौसम संबंधी चेतावनियों एवं आधिकारिक सूचनाओं पर सतत निगरानी रखें।
• खराब मौसम के दौरान सुरक्षित एवं मजबूत भवनों में आश्रय लें।
• कृषि उपज, पशुधन एवं आवश्यक सामग्री को सुरक्षित स्थानों पर संरक्षित करें।
• विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति के लिए आवश्यक संसाधन पूर्व से तैयार रखें।
• किसी भी आपदा अथवा दुर्घटना की सूचना तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
क्या न करें
• तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, विद्युत खंभों, होर्डिंग्स, टिन शेड अथवा कमजोर संरचनाओं के निकट न जाएं।
• वज्रपात के समय खुले स्थानों, खेतों, जलाशयों एवं ऊंचे क्षेत्रों में न रुकें।
• अनावश्यक आवागमन एवं यात्रा से बचें।
• अफवाहों अथवा अप्रमाणित सूचनाओं का प्रसार न करें।
जिलाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित विभागों को उच्च सतर्कता बनाए रखने, त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संसाधनों एवं मानवबल को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
किसी भी प्रकार की आपदा, आपात स्थिति अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर जनपदवासी जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 05688-297204, 05688-250077, 9634203693 एवं टोल फ्री नम्बर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जनहित में जारी



