
एसीपी में 128 प्रतिशत की उपलब्धि प्राप्त कर मऊगंज जिले ने बनाया कीर्तिमान
जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक संपन्न
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज :जिले में वित्तीय समावेशन, स्वरोजगार एवं बैंकिंग योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में श्री पाण्डेय ने विभिन्न विभागों एवं बैंकों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान वार्षिक साख योजना वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि मऊगंज जिले ने निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 128 प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अपर कलेक्टर ने सभी बैंकों, विभागीय अधिकारियों एवं संबंधित संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि समन्वित प्रयासों के माध्यम से जिले में वित्तीय समावेशन को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री स्व-रोजगार एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने पर जोर दिया। अपर कलेक्टर ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाकर स्वरोजगार योजनाओं में आवेदन संख्या में वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
जिले के क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात की समीक्षा करते हुए नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक एस.के. जेना ने बैंकों को ऋण वितरण में और अधिक सक्रियता दिखाने तथा प्राथमिकता क्षेत्र के ऋणों को बढ़ावा देने की बात कही। बैठक में वित्तीय समावेशन, मुद्रा योजना, स्टैंडअप इंडिया, पशुपालन, मत्स्य पालन, स्वरोजगार एवं अन्य बैंक प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ श्रीकांत शर्मा, लीड बैंक प्रबंधक ज्योत्सना अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे।

