
महाराष्ट्र आरोग्य विज्ञान विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम उत्साह के साथ संपन्न
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:नासिक महाराष्ट्र
नासिक, । महाराष्ट्र आरोग्य विज्ञान विश्वविद्यालय के 28वें स्थापना दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय में कुलगुरु प्रो. संजीव सोनवणे (अतिरिक्त प्रभार) की संकल्पना से एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘स्पंदन-2026’ के विजेता छात्र-छात्राओं तथा विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त सहभागिता से आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. राजेंद्र बंगाल ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों, अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे उनके कला कौशल को प्रोत्साहन मिल सके।
कार्यक्रम में डॉ. स्वप्नील तोरणे, डॉ. श्रृंखला कौशिक, संजय मराठे, संदीप राठोड, अमृता खार्डेकर, रविंद्र रांधव, नाना परभणे, चेतना पवार तथा उल्हास कुलकर्णी ने हिंदी और मराठी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
वहीं, स्पंदन राज्यस्तरीय युवा महोत्सव प्रतियोगिता के चयनित विजेता प्रतिभागियों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। सोलापुर स्थित साई आयुर्वेद महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘व्हाय नॉट’ एकांकी प्रस्तुत की। मुंबई के आई.एन.एच.एस. अश्विनी महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने पश्चिमी समूहगान, सुनंदा प्रविण गंभीरचंद्र नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने लोक संगीत, पालघर के ऋद्धि विनायक नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने दिवली लोकनृत्य तथा कोल्हापुर के यशवंत आयुर्वेद महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने लावणी लोकनृत्य की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्वप्नील तोरणे ने किया, जबकि प्रस्तावना डॉ. देवेंद्र पाटील ने प्रस्तुत की। विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस के अवसर पर सहभोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


