अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, पंचायत सहायकों व रोजगार सेवकों को योग का प्रशिक्षण
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशानुसार व मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 के सफल आयोजन हेतु जनपद में तैयारियां जोरों पर हैं। शासन के निर्देशों के क्रम में “Yoga for Healthy Ageing” थीम के अंतर्गत 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह मनाया जाएगा, जिसके तहत विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में जनपद के समस्त विकास खंडों पर दिनांक 13 जून 2026 को प्रातः 7 बजे से 9 बजे तक Common Yoga Protocol का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में योग प्रशिक्षकों द्वारा पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों एवं योग में रुचि रखने वाले कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे ग्राम पंचायत स्तर पर योग कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम अजीतमल, भाग्यनगर, सहार, बिधूना, अछल्दा, एरवाकटरा एवं औरैया ब्लॉकों में आयोजित किया जाएगा, जहां नामित योग प्रशिक्षक अपनी सेवाएं देंगे। इस संबंध में मास्टर योगा ट्रेनर शशिराज सेठ ने बताया कि, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से हम अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का कार्य करेंगे और ग्राम स्तर तक योग की पहुंच सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों से अपील की है कि वे प्रशिक्षण में समय से उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। जनपद प्रशासन द्वारा इस वर्ष योग दिवस को व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारियां की जा रही हैं, जिससे आमजन को योग के प्रति जागरूक किया जा सके और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिले।



