
विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर जिला स्तरीय समन्वय बैठक एवं सम्मान समारोह आयोजित, 109 बच्चों को बाल श्रम से मुक्ति दिलाने वाले प्रयासों की सराहना
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी: विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर विशेष किशोर पुलिस इकाई, सीतामढ़ी, मानव तस्करी निरोध इकाई एवं अदिथी संस्था , कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में “बाल श्रम एवं बाल दुर्व्यापार रोकथाम हेतु जिला स्तरीय समन्वय बैठक सह सम्मान समारोह” का आयोजन पुलिस केंद्र स्थित आनंद भवन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह नोडल पदाधिकारी मो ० नजीब अनवर के द्वारा की गई। कार्यक्रम में बाल संरक्षण, बाल श्रम उन्मूलन एवं मानव तस्करी रोकथाम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 35 पुलिस पदाधिकारियों, बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस कर्मियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बाल अधिकारों की रक्षा हेतु निरंतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह नोडल पदाधिकारी मो० नजीब अनवर ने बताया कि सीतामढ़ी पुलिस एवं संबंधित हितधारकों के समन्वित प्रयासों से जून 2025 से अब तक 109 बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया है तथा 91 नियोजकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 में चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन नया सवेरा” के दौरान 53 बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया, जो बाल श्रम उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। साथ ही जिला के तीन थाना क्षेत्र को बाल श्रम मुक्त बनाने में उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई है। कार्यक्रम का संचालन पुलिस निरीक्षक सह शाखा प्रभारी मानव तस्करी निरोध इकाई सुशील कुमार सिंह ने किया ।बैठक में बाल श्रम, बाल तस्करी एवं बाल दुर्व्यापार की रोकथाम हेतु विभिन्न विभागों, पुलिस इकाइयों एवं सामाजिक संगठनों के बीच समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। उपस्थित प्रतिभागियों ने बाल श्रम एवं बाल शोषण के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने तथा प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मानजनक बचपन सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा “बाल श्रम मुक्त सीतामढ़ी” बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया तथा यह संदेश दिया गया कि बच्चों का स्थान विद्यालय और खेल का मैदान है, कार्यस्थल नहीं। अदिथी संस्था के कार्यक्रम प्रबंधक रोहित सिंह ने कहा बाल श्रम केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि बच्चों के बचपन, शिक्षा और भविष्य के अधिकारों का हनन है। सीतामढ़ी पुलिस, जिला प्रशासन एवं विभिन्न हितधारकों के संयुक्त प्रयासों से जिले में बाल श्रम उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। बाल अधिकार कार्यकर्ता मनीष कुमार एवं मुकुंद कुमार चौधरी ने कहा हम सभी का संकल्प है कि सीतामढ़ी को पूर्णतः बाल श्रम एवं बाल दुर्व्यापार मुक्त जिला बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार सिंह, लाल किशोर गुप्ता , अंचल निरीक्षक परशुराम सिंह , सरोज कुमार , संजीव कुमार , पुलिस अवर निरीक्षक संवेदना स्नेही, प्रियंका कुमारी मुकेश कुमार सिंह आदि को प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया । कार्यक्रम में अदिथी संस्था के प्रशांत कुमार.शिवदुलारी कुमारी काजल कुमारी पायल कुमारी ज्योति कुमारी , एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के शिव शंकर ठाकुर सहित सामाजिक कार्यकर्ता कमर अख्तर , रितेश भारती , संजय वर्मा आदि शामिल थे।

