
UPPSC प्रवक्ता परीक्षा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित होने वाली प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज (पुरुष/महिला) (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी औरैया एवं पुलिस अधीक्षक औरैया ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाए तथा सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक इंतजामों का भी जायजा लिया। साथ ही परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएंगी।



