
फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर ठगी करने वाले 6 साइबर अपराधी गिरफ्तार
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। इटावा पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर लोगों को डराकर ठगी करने वाले छह अंतर्राज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नौ मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड, पांच एटीएम कार्ड तथा 24,800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में साइबर थाना और भरथना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार जनपदीय साइबर सेल द्वारा प्रतिबिम्ब पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के विश्लेषण के दौरान एक साइबर ठगी में प्रयुक्त मोबाइल की लोकेशन भरथना क्षेत्र में मिली थी। इसके आधार पर झिन्दुआ पुल के निकट निर्माणाधीन बाईपास के पास छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को फोन कर स्वयं को क्राइम ब्रांच, साइबर सेल अथवा पुलिस अधिकारी बताते थे। मोबाइल पर पुलिस सायरन की आवाज सुनाकर लोगों को डराते थे और कहते थे कि उन्होंने अश्लील या प्रतिबंधित सामग्री देखी है, जिसके कारण उनके खिलाफ गंभीर मुकदमा दर्ज होने वाला है। गिरफ्तारी और जेल भेजने का भय दिखाकर वे लोगों से धनराशि अपने खातों अथवा यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर करवा लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में नीरज सिंह, मिंटू, मोहित, राम खिलावन, रवि तथा सुमित कुमार शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना भरथना में संबंधित धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामले में छह अन्य आरोपियों की पहचान भी की है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस सराहनीय कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया, जबकि साइबर सेल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।



