
एसटीपी बंद मिलने पर डीएम नाराज, प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
रिपोर्ट: विशाल समाचार।
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला गंगा समिति, वृक्षारोपण समिति, पर्यावरण समिति एवं प्रदूषण नियंत्रण संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, नदी पुनरुद्धार, अपशिष्ट प्रबंधन और वृक्षारोपण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण के संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन न करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर उनकी बिजली और पानी की आपूर्ति भी बंद की जा सकती है।
समीक्षा के दौरान करनपुरा स्थित 10.44 एमएलडी तथा मौजा उमरैन स्थित 13.5 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बंद पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अशोधित पानी का नदियों में प्रवाह पर्यावरण और जनआस्था दोनों के लिए गंभीर विषय है। संबंधित अधिकारियों को दो माह तक प्रतिदिन संचालन की रिपोर्ट और फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सिरसा नदी पुनरुद्धार कार्य में तेजी लाने, नदी क्षेत्र का सीमांकन कर आवश्यक चौड़ीकरण कराने तथा प्रदूषण फैलाने वाले संस्थानों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जैव चिकित्सा अपशिष्ट के अनुचित निस्तारण को गंभीरता से लेते हुए एक सप्ताह के भीतर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने को कहा।
बैठक में कामेथ, जसवंतनगर और भरथना के एमआरएफ केंद्रों के बंद मिलने पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों को तत्काल संचालित कराने तथा आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वृक्षारोपण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जुलाई के प्रथम सप्ताह में वृहद स्तर पर वन महोत्सव आयोजित किया जाएगा। सभी विभागों को लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं और गुणवत्तापूर्ण वृक्षारोपण के साथ पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, सामाजिक निदेशक वानिकी विकास नायक, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



