
ब्रह्माकुमारी मंच पर कॉमन योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण सम्पन्न, योग दिवस में संस्थाओं का मिलेगा सहयोग
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशानुसार जनपद में कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण जनपद के मास्टर ट्रेनर शशिराज सेठ द्वारा उनकी सहयोगी टीम योगेंद्र कुमार मिश्रा एवं उत्कर्ष सिंह के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, सत्तेवर के विशाल सभागार में राजयोगिनी कृष्णा बहिन संचालिका ब्रह्माकुमारीज के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में सभी योग प्रशिक्षकों का स्वागत कृष्णा बहिन एवं अन्य बहिनों द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान ब्रह्माकुमारी संस्था की राखी बहिन ने राजयोग कमेंट्री का अभ्यास कराया, जिससे प्रतिभागियों को मानसिक शांति एवं एकाग्रता के महत्व की जानकारी मिली। इस अवसर पर लगभग 200 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में प्रदीप कुमार गुप्ता (गायत्री परिवार) सहित बी.के., संजू बहिन, गीता बहिन, पूनम बहिन, रानी बहिन, प्रगति बहिन, नीरज बहिन आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से यह भी स्पष्ट किया गया कि ब्रह्माकुमारी संस्था सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाएं आगामी 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगी। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार वर्मा ने कहा योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी आधार है। जनपद में योग दिवस को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए सभी संस्थाओं का सहयोग सराहनीय है। मास्टर योग ट्रेनर शशिराज सेठ ने बताया कॉमन योग प्रोटोकॉल का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक योग को सरल और प्रभावी रूप में पहुंचाना है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से प्रशिक्षकों को एकरूपता के साथ योग अभ्यास कराने हेतु तैयार किया गया है, जिससे योग दिवस का आयोजन और भी प्रभावी होगा।



