
शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही प्रशासन की प्राथमिकता -कलेक्टर संजय कुमार जैन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के समस्त ग्राम रोजगार सहायकों एवं पटवारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए मैदानी स्तर पर कार्यरत रोजगार सहायक एवं पटवारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। समग्र ई-केवाईसी अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष पात्र हितग्राहियों की ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने, समग्र डेटा का शुद्धिकरण एवं अद्यतन करने के निर्देश दिये। उन्होंने लोक कल्याण शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त होने वाले आवेदनों एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि लोक कल्याण शिविर शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की समीक्षा के दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय क्षेत्र में अधिकाधिक पौधरोपण सुनिश्चित करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गये। संबल योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के पंजीयन एवं लाभ वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पात्र श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के लाभ से कोई भी पात्र परिवार वंचित नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा करते हुए राजस्व एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को किसानों का पंजीयन कार्य तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से उपलब्ध कराने के लिए फार्मर रजिस्ट्री का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बैठक में समान नागरिक संहिता से संबंधित जनजागरूकता गतिविधियों पर भी चर्चा की गई तथा शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र में रोजगार सहायक एवं पटवारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा सौंपे गए कार्यों की सतत निगरानी करें। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर पवन गौरैया, जिले के समस्त तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी, खंड चिकित्सा अधिकारी, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



