
इटावा में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को लेकर डीएम की बैठक, 13 से 15 अगस्त तक घर-घर फहरेगा तिरंगा
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जनपद में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को सफल बनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 13 से 15 अगस्त के बीच जनपद के प्रत्येक आवासीय भवन, सरकारी एवं अर्ध-सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा स्वयं सहायता समूहों के भवनों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाले तिरंगों का निर्माण एवं आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने विद्यालयों में प्रभात फेरी, निबंध, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित कर विद्यार्थियों में देशप्रेम की भावना जागृत करने को कहा। नगर निकायों को सभी वार्डों में टीम लगाकर घर-घर तिरंगा लगाने तथा प्रमुख मार्गों, चौराहों और सरकारी पोलों को तिरंगा थीम से सजाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज में तिरंगा मेला, तिरंगा साइकिल यात्रा और देशभक्ति गीतों के आयोजन के निर्देश भी दिए। पंचायती राज एवं विकास विभाग को सभी ग्राम पंचायतों, विकासखंडों और अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने भारतीय झंडा संहिता के नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि तिरंगा कटा-फटा न हो और उसे पूरे सम्मान के साथ फहराया एवं उतारा जाए। अभियान की निगरानी के लिए विभागवार नोडल अधिकारी भी नामित किए गए हैं।
डीएम ने कहा कि “तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है।” उन्होंने इटावा के नागरिकों से 13 से 15 अगस्त के बीच अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। साथ ही तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा की वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा।
उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी को सभी गौशालाओं में साफ-सफाई कराने और वहां भी तिरंगा लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



