
औरैया में श्रावण के दूसरे सोमवार पर देवकली मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, कांवड़ यात्रियों पर हुई पुष्पवर्षा
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को जिलाधिकारी औरैया एवं पुलिस अधीक्षक औरैया ने थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित देवकली मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण किया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं को व्यवस्थित कतार में जलाभिषेक कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा प्रमुख चौराहों, कांवड़ मार्ग एवं संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। ड्रोन कैमरों से निगरानी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


