
जन संवाद कार्यक्रम एवं जनकल्याण मेले का आयोजन, प्रभारी मंत्री ने योजनाओं की जानकारी दी
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:इटावा ,उत्तर प्रदेश
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून तक चल रहे व्यापक जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत विकास खंड सभागार, बसरेहर में जन संवाद कार्यक्रम एवं मेले का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री वेबी रानी मौर्य ने की। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं—जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, फसल बीमा योजना एवं महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति तक विकास पहुंचाना है और महिलाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही उन्होंने “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान एवं स्वरोजगार योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।
सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है तथा प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में ग्रामीण विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
कार्यक्रम के दौरान अन्नप्राशन एवं गोद भराई रस्म भी सम्पन्न कराई गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


