
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की कार्यशाला नगर पालिका/ नगर पंचायत स्तर पर की जाए आयोजित, आमजन को किया जाए जागरूक।
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया : उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय कार्यशाला जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित की गयी।
बैठक में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार अपशिष्ट प्रबंधन नियम- 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु गठित समिति में जीएम डीआईसी, मुख्य चिकित्साधिकारी तथा गेल और एनटीपीसी के पदाधिकारियों को भी सदस्य बनाए जाने के जिलाधिकारी ने निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि यह नियम प्रत्येक शहरी निकाह के साथ-साथ ग्रामीण स्थानीय निकाह पर भी लागू होगा इसका उद्देश्य ठोस अपशिष्ट को एक संसाधन के रूप में उपयोग करना तथा शून्य अपशिष्ट का लक्ष्य प्राप्त करना है। जिलाधिकारी ने उक्त के संबंध में निर्देश दिये कि प्रत्येक शहरी निकाय तथा ग्रामीण स्थानीय निकायों पर कार्यशालाओं का आयोजन कराया जाए इसके अतिरिक्त आमजन को भी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के संबंध में विस्तृत एवं प्रभावशाली जानकारी देते हुए जागरूक किया जाए क्योंकि जब आमजन जागरूक होंगे और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन करेंगे तभी इसकी सार्थकता सिद्ध होगी।
बैठक में बताया गया कि जनपद में डंपिंग एरिया को चिन्हित कर उन्हें निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं जिसपर जिलाधिकारी ने सभी अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका/ नगर पंचायत को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र के डंपिंग स्थानों का चिन्हीकरण करते हुए उनसे अपशिष्ट हटवायें तथा वहां पर वृक्षारोपण कराया जाए। बैठक में ई वेस्ट तथा मेडिकल वेस्ट के निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ई वेस्ट के निस्तारण हेतु संबंधित संस्थान से अनुबंध कर ई वेस्ट का विधिवत निस्तारण कराना सुनिश्चित करें साथ ही डीपीएम शहरी व ग्रामीण को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने कार्य क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कराना सुनिश्चित करें अन्यथा कि स्थिति में उन पर व्यक्तिगत रूप से पर्यावरण प्रतिकर लगाया जाएगा। जिलाधिकारी ने लैंडफिल हेतु भूमि आवंटन के संबंध में निर्देश दिए कि जनपद के अपशिष्ट का आकलन किया जाए तथा भविष्य को भी ध्यान में रखा जाए जिससे उसका उपयोग दीर्घकाल तक किया जा सके और आकलन के पश्चात भूमि के क्षेत्रफल का निर्धारण करते हुए पत्रावली प्रस्तुत की जाए।
बैठक में क्षेत्राधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मनोज चौरसिया, अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत दिबियापुर, अटसू, जीएम डीआईसी सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



