
UP SI (DV/PST) परीक्षा का एसएसपी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं की समीक्षा
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
इटावा। रिजर्व पुलिस लाइन में चल रही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस (DV/PST) परीक्षा के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा परीक्षा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
आज दिनांक 15.06.2026 को एसएसपी इटावा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचकर चल रही DV/PST परीक्षा की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया। इस दौरान लिखित परीक्षा में सफल कुल 134 अभ्यर्थी (जिनमें 56 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं) दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण प्रक्रिया में सम्मिलित हो रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, प्रतीक्षा स्थल तथा यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ करें।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सैफई, क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर/लाइन्स सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इटावा पुलिस द्वारा परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।



