
लखनऊ में भीषण अग्निकांड: 15 बच्चों की मौत, पांच घायल
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:लखनऊ उत्तर प्रदेश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक बहुमंजिला इमारत में रविवार को लगी भीषण आग में 15 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहत-बचाव कार्य के लिए प्रशासनिक व दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस इमारत में आग लगी उसके ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप संचालित थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर गेमिंग जोन चल रहा था। आग लगने के समय बड़ी संख्या में बच्चे भवन के भीतर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई बच्चे खिड़कियों से मदद की गुहार लगाते दिखाई दिए, लेकिन आग और धुएं के तेजी से फैलने के कारण उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना संभव नहीं हो सका।
केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. अमिय अग्रवाल ने बताया कि कुल 21 से 22 बच्चों को अस्पताल लाया गया, जिनमें 15 बच्चों को मृत अवस्था में लाया गया था। पांच बच्चों को विभिन्न चोटों के साथ भर्ती किया गया है। इनमें से दो बच्चों को ऊंचाई से कूदने के कारण गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दुखद घटना में कई बच्चों की जान गई है और घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक बच्चों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया गया है।
प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों और भवन में सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जा रही है। हादसे के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।


