
लखनऊ अग्निकांड के बाद इटावा प्रशासन सतर्क, कोचिंग संचालकों को दिए सुरक्षा संबंधी निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, 23 जून। लखनऊ में हुए अग्निकांड की घटना के मद्देनजर मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की संयुक्त अध्यक्षता में जनपद के कोचिंग संस्थान संचालकों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई।
बैठक में कोचिंग संचालकों को अपने संस्थानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनकी नियमित जांच, विद्युत सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा आपातकालीन निकास मार्गों को सदैव सुगम एवं अवरोधमुक्त रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने निर्देश दिया कि विद्यार्थियों और संस्थान के कर्मचारियों को समय-समय पर अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाए। इसके लिए नियमित रूप से मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित एवं त्वरित निकासी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में कोचिंग संस्थानों को अपने भवनों की संरचनात्मक सुरक्षा की जांच कराने तथा सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गोष्ठी के उपरांत लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। साथ ही दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस), अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी तथा जनपद के विभिन्न कोचिंग संस्थानों के संचालक उपस्थित रहे।



