
बाढ़ संवेदनशील गांव अस्ता में राहत चौपाल, आपदा प्रबंधन को लेकर किया गया जागरूक
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । तहसील औरैया के बाढ़ संवेदनशील ग्राम अस्ता में विगत वर्षों में आई भीषण बाढ़ की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन में राहत चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आपदा जोखिम न्यूनीकरण विषय पर जन-जागरूकता अभियान FAMEX भी आयोजित किया गया।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के सब इंस्पेक्टर रमाकांत एवं उनकी टीम ने ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी। टीम द्वारा विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं से बचाव एवं राहत कार्यों से संबंधित उपयोगी तकनीकों का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, ताकि आपदा की स्थिति में लोग स्वयं तथा अन्य परिवारों और व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जान-माल के नुकसान को कम कर सकें।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर समय रहते पहुंचने, आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आपदा के समय सामुदायिक सहयोग और त्वरित प्रतिक्रिया के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
राहत चौपाल में तहसीलदार औरैया प्रकाश चौधरी, खंड विकास अधिकारी औरैया, आपदा विशेषज्ञ दीपक कुमार, लेखपाल आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



