
पर्यावरण संरक्षण हेतु छात्र पर्यावरण संसद, इटावा के जन-जागरूकता अभियान में इटावा पुलिस की सहभागिता ।
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यालय तक पैदल पहुंचकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश ।
पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से *छात्र पर्यावरण संसद, इटावा द्वारा संचालित “एक दिन प्रतीकात्मक रूप से पैदल चलकर कार्यालय आने” के अभियान में इटावा पुलिस ने सक्रिय सहभागिता करते हुए समाज को पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश दिया।
छात्र पर्यावरण संसद, इटावा द्वारा बढ़ते प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के दृष्टिगत नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने हेतु एक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से एक दिन अपने वाहनों का प्रयोग न कर पैदल कार्यालय आने का अनुरोध किया गया था ।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में समस्त अपर पुलिस अधीक्षकगण, क्षेत्राधिकारीगण तथा पुलिस कार्यालय में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारीगण ने अपने आवास से कार्यालय तक पैदल पहुंचकर इस जन-जागरूकता अभियान को समर्थन प्रदान किया।
महोदय ने छात्र पर्यावरण संसद, इटावा के संयोजक एवं अभियान के प्रेरणास्रोत डॉ. कैलाश चन्द्र तथा उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों एवं युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने का यह प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे जनहित एवं जन-जागरूकता से जुड़े अभियानों में इटावा पुलिस सदैव सहयोगी एवं सहभागी की भूमिका निभाती रहेगी ।तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक नागरिक को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

