
सामाजिक सुरक्षा, दिव्यांगजन एवं बाल संरक्षण योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित
लंबित जीवन प्रमाणीकरण शीघ्र पूरा करें : डीएम
दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराना पुण्य का कार्य : डीएम रिची पाण्डेय
सीतामढ़ी, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं बाल संरक्षण से संबंधित योजनाओं की संयुक्त समीक्षा बैठक समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को लंबित पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण (Life Certification) यथाशीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने वृद्धजन पेंशन योजना, मुख्यमंत्री परिवार लाभ योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना तथा एमटीसी पोर्टल से संबंधित अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराना केवल एक प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि एक पुण्य का कार्य है। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। बाल संरक्षण से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी बीडीओ को प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण समिति की नियमित बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही परवरिश योजना के अंतर्गत अनाथ बच्चों, एचआईवी प्रभावित परिवारों के बच्चों तथा कुष्ठ रोग से प्रभावित परिवारों के बच्चों की पहचान कर उन्हें योजना से आच्छादित करने पर विशेष बल दिया। बैठक में अपर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (ADSS) एवं सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई (ADCP) श्री लालकृष्ण राय, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी (DCPU) सुश्री जया भारद्वाज, बाल संरक्षण पदाधिकारी श्री गोविंद राम, विधिक सह परिवीक्षा पदाधिकारी (LPO) श्री ओम प्रकाश पाण्डेय, प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार, बाल कल्याण समिति (CWC) की अध्यक्ष कृति कुमारी, अदिति संस्था के प्रतिनिधि मनीष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।



