पूणेमहाराष्ट्रशिक्षा

नासा ट्रेनिंग प्रोग्राम चयन परीक्षा सितंबर में, कक्षा 6 से 12 तक के छात्र कर सकेंगे आवेदन

नासा ट्रेनिंग प्रोग्राम चयन परीक्षा सितंबर में, कक्षा 6 से 12 तक के छात्र कर सकेंगे आवेदन

– स्पेस एजुकेशन के क्षेत्र में स्कूल स्तर पर देश की अनूठी पहल

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:पुणे महाराष्ट्र

पुणे। अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा के सहयोग से अलबामा के हंट्सविल स्थित यूएस स्पेस एंड रॉकेट सेंटर में आयोजित होने वाले नासा ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए महाराष्ट्र में चयन परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित की जाएगी। भारत में यह परीक्षा स्वान रिसर्च एंड सोशल स्टडी फाउंडेशन द्वारा आयोजित की जा रही है। कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी इस परीक्षा में भाग ले सकेंगे। परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 29 जून से 31 अगस्त 2026 तक चलेगी। यह जानकारी फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष शशिकांत कांबले ने पत्रकार परिषद में दी।

 

इस अवसर पर सचिव विकास टाकलीकर, कोषाध्यक्ष अक्षय खोब्रागड़े, सहसचिव गौरव सोमवंशी, प्रसाद भोपले, अमन पाचघरे और संकेत जैन उपस्थित रहे

 

शशिकांत कांबले ने बताया कि फाउंडेशन ने वर्ष 2023 में पहली बार महाराष्ट्र में कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए नासा ट्रेनिंग प्रोग्राम चयन परीक्षा आयोजित की थी। चयनित विद्यार्थियों को अलबामा स्थित यूएस स्पेस एंड रॉकेट सेंटर तथा सिंगापुर साइंस सेंटर की शैक्षणिक यात्रा कराई गई थी। इस वर्ष दूसरी ‘नॉलेज नेक्स्ट’ परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रत्येक कक्षा के लिए अलग प्रश्नपत्र होगा, जिसमें गणित, विज्ञान, भूगोल और बुद्धिमत्ता परीक्षण से जुड़े प्रश्न शामिल रहेंगे।

 

उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा से आगे बढ़कर अंतरिक्ष विज्ञान, अनुसंधान और प्रायोगिक अध्ययन का अवसर मिलेगा, जो भविष्य की पीढ़ी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

 

विकास टाकलीकर ने बताया कि परीक्षा में अंग्रेजी, सेमी-अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों के साथ-साथ जिला परिषद, महानगरपालिका और नगरपालिका स्कूलों के छात्र भी भाग ले सकेंगे। नामांकन 29 जून से शुरू होकर 30 अगस्त 2026 तक चलेगा। चयनित विद्यार्थियों का अक्टूबर में सम्मान किया जाएगा, जबकि जनवरी और फरवरी में उन्हें यूएस स्पेस एंड रॉकेट सेंटर, हंट्सविल (अलबामा) और सिंगापुर साइंस सेंटर में प्रशिक्षण के लिए ले जाया जाएगा। इसके अलावा न्यूयॉर्क, वॉशिंगटन और ऑरलैंडो की भी शैक्षणिक यात्रा कराई जाएगी।

 

अक्षय खोब्रागड़े ने कहा कि आज अभिभावक अपने बच्चों को विभिन्न रियलिटी शो में भाग दिलाने के लिए प्रयास करते हैं, लेकिन अंतरिक्ष शिक्षा से जुड़ी यह परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य के लिए कहीं अधिक महत्वपूर्ण साबित होगी।

 

फाउंडेशन के सीईओ प्रसाद भोपले ने बताया कि परीक्षा में प्रथम पुरस्कार के रूप में अलबामा स्थित स्पेस सेंटर की स्टडी टूर तथा द्वितीय पुरस्कार के रूप में सिंगापुर साइंस सेंटर की शैक्षणिक यात्रा प्रदान की जाएगी।

 

अधिक जानकारी के लिए फाउंडेशन की वेबसाइट पर संपर्क किया जा सकता है।

 

दुनिया की 72 देशों के पास ही स्पेस एजेंसी

 

आज पूरी दुनिया विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है। मानव केवल पृथ्वी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अंतरिक्ष की यात्रा भी कर रहा है। चंद्रमा और मंगल जैसे ग्रह अब वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। दुनिया के 195 देशों में से केवल 72 देशों के पास अपनी स्पेस एजेंसी है और नासा उनमें सबसे प्रसिद्ध संस्थानों में से एक है।

 

करीब 30 वर्ष पहले डॉ. वॉन ब्राउन ने विद्यार्थियों में स्कूली स्तर से ही खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से यूएस स्पेस एंड रॉकेट सेंटर की स्थापना की थी। इस केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े प्रयोगों और व्यावहारिक प्रशिक्षण का अवसर प्रदान किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button