उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

मारपीट व मोबाइल छिनैती की घटना का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

मारपीट व मोबाइल छिनैती की घटना का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,  दिबियापुर थाना पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मारपीट और मोबाइल छिनैती की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल तथा टाटा हैरियर कार बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार 22 जून को चकबंदी विभाग में अनुदेशक अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय ककोर मुख्यालय से बिधूना कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान रामगढ़-दिबियापुर मार्ग पर गुलरिया गांव के पास बाइक और कार सवार आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और उनका रियलमी मोबाइल फोन छीनकर आरोपी फरार हो गए।

घटना के संबंध में थाना दिबियापुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया था। जांच के दौरान 24 जून की रात वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर केंजरी नहर पुल के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव यादव निवासी नगला महाजीत थाना सिविल लाइन इटावा, योगेन्द्र यादव निवासी नगला सबल थाना भरथना इटावा तथा प्रदीप यादव निवासी नगला महाजीत थाना सिविल लाइन इटावा के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एक महिला सहकर्मी के पारिवारिक विवाद के चलते उन्होंने अजय कुमार पाण्डेय को सबक सिखाने की योजना बनाई थी। योजना के तहत मारपीट के बाद उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया ताकि वह तत्काल किसी को सूचना न दे सकें।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और टाटा हैरियर कार बरामद कर ली है। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश, स्वाट एवं सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी तथा उपनिरीक्षक आनंद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button