इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

व्यापारियों की समस्याओं पर गंभीर दिखे डीएम, अग्नि सुरक्षा और लाइसेंस प्रक्रिया पर दिए निर्देश

व्यापारियों की समस्याओं पर गंभीर दिखे डीएम, अग्नि सुरक्षा और लाइसेंस प्रक्रिया पर दिए निर्देश

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान इटावा उत्तर प्रदेश

इटावा,। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में व्यापारियों ने विभिन्न समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के गोदामों, शोरूमों और दुकानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम हों तथा अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच कराई जाए। साथ ही ऑटोमैटिक लॉकिंग सिस्टम का उपयोग सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने पर जोर दिया।

 

व्यापारियों ने मंडी परिषद की लाइसेंस नवीनीकरण प्रक्रिया को जटिल बताते हुए इसे सरल बनाने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने मंडी परिषद को व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए प्रक्रिया के सरलीकरण के लिए पत्र भेजने की बात कही।

 

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के लाइसेंस की ऑनलाइन प्रक्रिया में कुछ साइबर कैफे द्वारा अधिक शुल्क वसूले जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए और अनियमितता मिलने पर कार्रवाई करने को कहा।

 

बैठक में बैंकिंग संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आगामी व्यापार बंधु बैठक में बैंक अधिकारियों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। वहीं सिंधी मार्केट की दुकानों के किराये के मुद्दे पर तहसीलदार सदर को प्रतिवर्ष समय पर किराया जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से उनका निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में राज्यकर विभाग के अधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button