इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान एवं आगामी पल्स पोलियो बूथ दिवस के सफल संचालन हेतु जनपद स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।

विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान एवं आगामी पल्स पोलियो बूथ दिवस के सफल संचालन हेतु जनपद स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान :इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा -जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान एवं आगामी पल्स पोलियो बूथ दिवस के सफल संचालन हेतु जनपद स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी अभियानों का प्रभावी एवं व्यापक स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा, जबकि इसके अंतर्गत “दस्तक अभियान” 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा। साथ ही 28 जून 2026 को पूरे देश में पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत “पोलियो बूथ दिवस” आयोजित किया जाएगा, जिसमें 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को माइक्रो प्लान तैयार कर लक्षित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि डायरिया एवं पशुओं के काटने (एनिमल बाइट) की घटनाओं में प्रभावित व्यक्तियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर आवश्यक उपचार एवं वैक्सीन उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।

जिलाधिकारी महोदय ने नगर विकास एवं स्थानीय निकाय विभाग को निर्देशित किया कि शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित रूप से फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव एवं विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किए जाएं। उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां नालियों की नियमित सफाई, जलभराव की समस्या का समाधान, खुली नालियों को ढकने, कूड़े के समुचित निस्तारण तथा सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित की जाए।

पंचायतीराज विभाग को निर्देशित किया गया कि ग्राम प्रधानों एवं ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समितियों (वीएचएसएनसी) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, शौचालय उपयोग एवं संचारी रोगों से बचाव के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए तथा नियमित रूप से फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव कराया जाए।

पशुपालन विभाग को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि पशु बाड़ों की नियमित साफ-सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, कचरे का उचित निस्तारण एवं मच्छररोधी उपाय सुनिश्चित किए जाएं तथा पशुपालकों को भी जागरूक किया जाए।

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को निर्देश दिए गए कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। कुपोषित बच्चों को समय से पुष्टाहार उपलब्ध कराया जाए तथा आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर संपर्क कर जागरूकता बढ़ाई जाए।

शिक्षा विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि सभी विद्यालयों के आसपास 100 मीटर के दायरे में विशेष स्वच्छता सुनिश्चित की जाए तथा बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि सर्विलांस प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जाए, बुखार के मरीजों की समय से जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखी जाए।

कृषि एवं सिंचाई विभाग को खेतों में जलभराव रोकने तथा मच्छरों के प्रजनन को नियंत्रित करने के उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसानों को चूहा नियंत्रण एवं अन्य सुरक्षात्मक उपायों के प्रति जागरूक करने को कहा गया।

उद्यान विभाग को निर्देशित किया गया कि जनपद में तुलसी एवं लेमनग्रास के पौधों का वितरण कर लोगों को इनके उपयोग एवं लाभों के प्रति जागरूक किया जाए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि देशव्यापी पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 28 जून 2026 को “पोलियो बूथ दिवस” मनाया जाएगा, जिसमें 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। जिन क्षेत्रों में बच्चों को दवा पिलाने में कठिनाई आ रही है अथवा अपेक्षाकृत कम बच्चों को दवा पिलाई जा रही है, वहां धर्मगुरुओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेकर अभियान को सफल बनाया जाए।

जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान का “पल्स” का अर्थ है कि एक ही दिन में एक साथ सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायी जाए, जिससे वायरस के फैलाव को प्रभावी रूप से रोका जा सके। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी पोलियो वैक्सीन का भंडारण किया गया है, वहां कोल्ड चेन व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए, क्योंकि अत्यधिक गर्मी के कारण वैक्सीन की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने पूर्व में कमजोर प्रदर्शन वाले बूथों पर विशेष ध्यान देते हुए वहां शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को ग्राम स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएं तथा अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मच्छरदानी का प्रयोग करें तथा संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।

उक्त बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पुरुष परितोष शुक्ल, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, समस्त एमओआईसी सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button