जल गंगा संवर्धन अभियान का 30 जून को होगा समारोहपूर्वक समापन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 19 मार्च वर्ष प्रतिपदा से जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का 30 जून को समारोहपूर्वक समापन किया जायेगा। इस संबंध में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा है कि सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी अपने निकाय में 30 जून को जल गंगा संवर्धन अभियान का समारोहपूर्वक समापन करायें। इसी तरह जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सभी ग्राम पंचायतों में समारोहपूर्वक समापन कार्यक्रम आयोजित करें। इन कार्यक्रमों में जिले के प्रभारी मंत्री जी, मंत्रीगण, सांसद जी, विधायकगण, जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यगण की सहभागिता सुनिश्चित करें। समारोह में जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा सदस्यगण एवं सरपंच तथा पंचगणों की भी भागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में जल गंगा संवर्धन अभियान के दौरान किये गये जल संरक्षण के कार्यों की जानकारी दें साथ ही वृक्षारोपण के लिए आमजनों को प्रेरित करें। अभियान में ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय निकाय, वन विभाग, जल संसाधन विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पीएचई, उद्योग विभाग तथा अन्य विभागों द्वारा जिले भर में जल संरक्षण और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किये गये। अभियान में श्रेष्ठ कार्य करने वालों को सम्मानित भी करें।
