
मोहर्रम को लेकर औरैया में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, डीआईजी ने किया निरीक्षण
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया। मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत कानपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक यमुना प्रसाद ने जनपद औरैया का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
भ्रमण के दौरान डीआईजी ने ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने और विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के क्रम में डीआईजी ने कोतवाली औरैया स्थित एकीकृत कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया, जहां जनपद के प्रमुख चौराहों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए।
इसके अलावा रिजर्व पुलिस बल की ब्रीफिंग कर जुलूस के दौरान लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक औरैया, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

