
पल्स पोलियो अभियान से छूटे बच्चों को अगले तीन दिनों तक घर-घर जाकर पिलाई जाएगी दवा
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे, (विशाल सिंह)पुणे जिले में 28 जून को आयोजित पल्स पोलियो अभियान के दौरान 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के जिन बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद नहीं पिलाई जा सकी, उन्हें अगले तीन दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी। यह जानकारी जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील ने दी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण करेंगे। इसलिए सभी माता-पिता स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि उनके बच्चे को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद अवश्य मिले। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है।
गजानन पाटील ने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी दवा से वंचित न रहे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही “पोलियो मुक्त पुणे–स्वस्थ पुणे” का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

