आपत्तिजनक वीडियो के प्रसारण से बचें, जिम्मेदार पत्रकारिता करें : जिला जनसंपर्क पदाधिकारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने जिले के सभी मीडिया प्रतिनिधियों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म संचालकों से अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा वाले वीडियो अथवा सामग्री के प्रसारण, पुनर्प्रसारण एवं प्रचार-प्रसार से परहेज करने की अपील की है।
जारी सूचना में कहा गया है कि संबंधित मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में आपत्तिजनक सामग्री का अनावश्यक प्रसारण न केवल पत्रकारिता की मर्यादा और सामाजिक शिष्टाचार के प्रतिकूल है, बल्कि परिस्थितियों के अनुसार संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत इसकी समीक्षा भी की जा सकती है।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने सभी मीडिया संस्थानों एवं सोशल मीडिया संचालकों से तथ्यों पर आधारित, संतुलित एवं जिम्मेदार पत्रकारिता का परिचय देने तथा प्रशासनिक गरिमा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।



