
ग्राम सचिवालयों में बैठने लगे लेखपाल, डीएम ने किया निरीक्षण
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी लेखपालों ने मंगलवार से अपने-अपने क्षेत्र के ग्राम पंचायत भवन एवं ग्राम सचिवालयों में बैठकर राजस्व संबंधी कार्यों का संचालन शुरू कर दिया। इस व्यवस्था का उद्देश्य ग्रामीणों को राजस्व सेवाएं गांव स्तर पर ही उपलब्ध कराना है।
अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) बिपिन कुमार ने बताया कि राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिलाधिकारी के आदेशानुसार सभी उप जिलाधिकारियों ने अपनी-अपनी तहसीलों के लिए रोस्टर तैयार कर लेखपालों के ग्राम सचिवालयों में बैठने की तिथियां निर्धारित की हैं। इसके तहत जनपद की सभी छह तहसीलों में व्यवस्था लागू कर दी गई है।
उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी लेखपाल अपने निर्धारित स्थानों पर उपस्थित होकर राजस्व संबंधी कार्यों का निस्तारण करते मिले।
ग्राम सचिवालयों के माध्यम से लेखपाल जाति, आय, निवास, हैसियत प्रमाण पत्र, खतौनी की नकल, वरासत, फार्मर रजिस्ट्री, अंश निर्धारण, रियल टाइम खतौनी, खसरा पड़ताल, स्वामित्व, निर्वाचन, किसान सम्मान निधि, तहसील दिवस, थाना दिवस, आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण तथा राजस्व न्यायालयों के आदेशों के अनुपालन सहित विभिन्न कार्यों का संपादन करेंगे।
जिलाधिकारी ने जसवंतनगर तहसील के ग्राम पंचायत बनकटी बुजुर्ग, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने सदर तहसील के ग्राम पंचायत प्रतापनेर तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने सैफई तहसील के ग्राम पंचायत बर्रा का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लेखपाल, ग्राम सचिव एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित मिले तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करते पाए गए।