प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी – कलेक्टर

जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी – कलेक्टर

अधिकारी पूरी जिम्मेदारी से करें अपने दायित्वों का निर्वहन

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश 

मऊगंज . कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और अंतर्विभागीय समन्वय को सुदृढ़ बनाएं। प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में किसी भी स्तर पर उदासीनता अथवा शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी और सभी अधिकारी लोकहित के कार्यों में पूरी संवेदनशीलता के साथ सक्रिय रहें। मानसून एवं अन्य आपात स्थितियों के दौरान सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर कार्यवाही सुनिश्चित करें। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में आपदा प्रबंधन का रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम रहे और पूर्व निर्धारित सभी सुरक्षात्मक कार्यों का निरंतर फॉलो-अप लें।

कलेक्टर ने कहा कि संबल योजना, पेंशन,तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं सीधे आमजन के दैनिक जीवन से जुड़ी हैं। इनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन कार्यों में तेजी लाएं तथा अभिलेख दुरुस्ती के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण नहीं करने वाले संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। सभी पटवारी फॉर्मर रजिस्ट्री और ई केवाईसी के कार्य को प्रगति लाएं। इसके लिए साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करें। सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों का त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। कृषि विभाग के अधिकारी जिले में उर्वरकों का वितरण ई-विकास पोर्टल के माध्यम से ही संपादित कराएं, जिससे संपूर्ण वितरण व्यवस्था पारदर्शी, नियंत्रित और सुगम बनी रहे। किसानों को बिना किसी परेशानी के खाद और बीज का वितरण कराएं।

 

कलेक्टर ने कहा कि जीर्ण-शीर्ण अथवा जर्जर अवस्था वाले स्कूल या आंगनवाड़ी भवनों में कक्षाएं संचालित न कराएं। नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ में छात्र नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि तथा ड्रॉप-आउट बच्चों की सटीक ट्रैकिंग सुनिश्चित करें। अधिकारी स्वयं मैदानी क्षेत्रों का दौरा कर बच्चों की ‘अपार आईडी’ बनवाना सुनिश्चित करें और केवल अधीनस्थों की बातों पर निर्भर न रहकर स्वयं स्थलीय निरीक्षण द्वारा समस्याओं का व्यावहारिक निराकरण करें। ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजनाओं के सुचारू संचालन पर बल देते हुए कहा कि जिन योजनाओं में जल स्रोत या पाइपलाइन की तकनीकी समस्या है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दुरुस्त कराएं ताकि नागरिकों को सुगमता से पेयजल उपलब्ध हो सके। इसके लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर मिशन मोड में कार्य करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीम हनुमना राजेश मेहता, एसडीम मऊगंज एपी द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button