
इटावा में 12 जुलाई को लगेगा 60 लाख पौधों का लक्ष्य, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश
पर्यावरण संरक्षण, गंगा-यमुना की स्वच्छता, एसटीपी संचालन और कूड़ा प्रबंधन में लापरवाही पर जताई नाराजगी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वृहद वृक्षारोपण अभियान, गंगा समिति एवं पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में 12 जुलाई को प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों, पर्यावरण संरक्षण तथा गंगा-यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि वन महोत्सव के तहत 12 जुलाई को जनपद में लगभग 60 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी विभागों को लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं और समय से स्थल चयन, गड्ढों की खुदाई तथा गुणवत्तापूर्ण पौधरोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक सड़क को वृक्षारोपण के लिए विकसित किया जाए। ईंट-भट्ठों पर ट्री गार्ड के साथ पौधे लगाए जाएं तथा नगर क्षेत्रों में गुलमोहर, ग्रामीण क्षेत्रों में सहजन सहित स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पौधों का रोपण किया जाए। सिंचाई विभाग को नहर किनारे अर्जुन एवं जामुन के पौधे लगाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही नगर क्षेत्र में मियावाकी तकनीक से घना शहरी वन विकसित करने की योजना पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जसवंतनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल परिसर में गंदगी तथा अपशिष्ट प्रबंधन पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी एमआरएफ सेंटरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने और इकदिल-रीतौर मार्ग पर सड़क किनारे पड़े कूड़े को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
गंगा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना शोधन का सीवेज किसी भी स्थिति में यमुना नदी में न छोड़ा जाए। एसटीपी के संचालन में लापरवाही पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं बैदपुरा क्षेत्र में नदी किनारे कूड़ा डालने की शिकायत पर मदर डेयरी को नोटिस जारी करने और जिम्मेदारी तय करने के आदेश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम सहित वन, पर्यावरण, नगर विकास एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



