
इटावा में युवक की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; मृतक की बाइक बरामद
पत्नी से अवैध संबंध के शक में रची गई थी हत्या की साजिश, शराब पिलाकर गला दबाकर की हत्या
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। थाना सैफई पुलिस ने युवक की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक की बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, फिरोजाबाद जनपद के थाना एका क्षेत्र निवासी कुलदीप 16 जून 2026 से लापता था। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में 18 जून को थाना सैफई क्षेत्र में मिले अज्ञात शव की पहचान 29 जून को कुलदीप के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों की तहरीर पर थाना सैफई में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान सैफई पुलिस ने रुकैया नहर पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान पिन्टू और प्रशान्त यादव उर्फ तनू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी रंजीत यादव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, रंजीत यादव के मृतक की पत्नी से कथित संबंधों को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने 16 जून को कुलदीप को अपने साथ ले जाकर शराब पिलाई और सैफई क्षेत्र में सेंगर नदी किनारे ले जाकर मारपीट के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को गड्ढे में छिपाकर फरार हो गए तथा मृतक की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन अपने साथ ले गए।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से मृतक की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। मामले में थाना सैफई में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है।


