
भूमि खरीद-बिक्री की जांच तेज: डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, स्टांप मूल्यांकन की होगी पुनः जांच
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने तहसील अजीतमल क्षेत्र के विद्यानगर बाबरपुर, कस्बा बाबरपुर एवं अशोक नगर बाबरपुर में क्रय-विक्रय की गई भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विक्रय पत्रों के साथ संलग्न स्टांप पत्रों की भी गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एआईजी स्टाम्प को निर्देश दिए कि संबंधित भूमि की मालियत (बाजार मूल्य) का पुनः मूल्यांकन कराया जाए तथा विक्रय पत्रों में लगाए गए स्टांप शुल्क का नियमानुसार परीक्षण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में निर्धारित मूल्य के अनुरूप स्टांप शुल्क कम पाया जाता है, तो संबंधित मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व की हानि किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और भूमि पंजीकरण से जुड़े सभी मामलों में पारदर्शिता एवं नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उप निबंधक स्टाम्प, तहसीलदार अजीतमल अविनाश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



