
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अवशेष कार्य अधिकतम सात दिनों के अंदर करे पूर्ण। जिलाधिकारी
शेष विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों को हटाने के कार्य में तेजी के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में जनपद के परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों को हटाने के कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अवशेष कार्य अधिकतम सात दिनों के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में अधिशाषी अभियंता, विद्युत विभाग ने अवगत कराया कि जनपद के चिन्हित विद्यालयों में से 131 विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन हटाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष 86 विद्यालयों में यह कार्य तेजी से प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवशेष विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों को हटाने के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और इसे अधिकतम 7 दिवस के भीतर पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों के ऊपर से गुजरने वाली हाईटेंशन विद्युत लाइनें विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ की सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील विषय हैं। इसलिए कार्य की निरंतर निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा में इसे पूरा किया जाए। साथ ही कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित विद्यालयों का सत्यापन कराकर इसकी सूचना उपलब्ध कराई जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि किसी भी विद्यालय में विद्युत संबंधी जोखिम शेष न रहे।जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन विद्यालयों में सुरक्षित, स्वच्छ एवं भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रभावी कार्यवाही कर रहा है तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक विषय की नियमित समीक्षा की जा रही है।



