
राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर इटावा में प्री-ट्रायल बैठक, अधिक से अधिक वादों के निस्तारण पर जोर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जनपद न्यायालय इटावा के सभागार में प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इटावा श्री रजत सिंह जैन के निर्देशन में 21 अगस्त को अपराह्न 4:30 बजे किया गया। बैठक में राजस्व एवं प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की।
विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट), इटावा एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी श्री संजय सिंह-IV तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इटावा श्रीमती आरती द्विवेदी ने बैठक में उपस्थित रहकर राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की।
नोडल अधिकारी श्री संजय सिंह-IV ने विभिन्न विभागों से राष्ट्रीय लोक अदालत में संदर्भित किए जाने वाले वादों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक वाद राष्ट्रीय लोक अदालत में संदर्भित करने तथा लंबित मामलों के प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती आरती द्विवेदी ने राष्ट्रीय लोक अदालत को विवादों के सुलह एवं समझौते के आधार पर निस्तारण का सरल, सुलभ एवं प्रभावी माध्यम बताते हुए संबंधित अधिकारियों से अधिक से अधिक मामलों को लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित कराने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने तथा अधिकाधिक वादों के निस्तारण के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्यवाही पर जोर दिया गया।



