उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

संपूर्ण समाधान दिवस में 203 शिकायतें, डीएम-एसपी ने दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

संपूर्ण समाधान दिवस में 203 शिकायतें, डीएम-एसपी ने दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया, । जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की अध्यक्षता में तहसील अजीतमल सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में बैठकर आमजन की शिकायतें सुनें और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, साक्ष्यों और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जनसुनवाई पोर्टल एवं तहसील दिवस पर प्राप्त आवेदनों में शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर आवश्यकता पड़ने पर स्थलीय निरीक्षण भी किया जाए, ताकि समाधान से आवेदक संतुष्ट हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निस्तारण आख्या का स्वयं परीक्षण करने के बाद ही उसे पोर्टल पर अपलोड कराया जाए।

 

संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 203 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए सौंपा गया।

 

जनसुनवाई के दौरान परिवार रजिस्टर में मृतकों के नाम दर्ज न होने, विद्युत कनेक्शन के स्वीकृत भार में त्रुटि तथा न्यायालय के आदेश के बावजूद भूमि पर कथित अवैध कब्जे जैसी शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

 

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के एक लाभार्थी को डेमो चेक, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत दो लाभार्थियों को सिलाई मशीन तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत दो लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए।

 

इसके बाद वृक्षारोपण अभियान-2026 के अंतर्गत जिलाधिकारी ने कदम तथा पुलिस अधीक्षक ने पाकर का पौधा तहसील परिसर में रोपित किया। अधिकारियों ने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की तथा रोपित पौधों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अजीतमल अमित कुमार त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह, तहसीलदार अजीतमल अविनाश कुमार, क्षेत्राधिकारी अजीतमल, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button