
12 जुलाई के वृहद वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें सभी संस्थाएं : डीएम
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। आगामी 12 जुलाई को होने वाले वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईंट भट्ठा संचालकों, कोल्ड स्टोरेज संचालकों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसहभागिता से जिले में हरितिमा बढ़ाने का अभियान चलाया जाए। उन्होंने वन विभाग के समन्वय से सभी सामाजिक संगठनों और एनजीओ को अभियान से जोड़कर अधिक से अधिक पौधारोपण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने ईंट भट्ठा संचालकों से कहा कि उद्योग में लकड़ी का अधिक उपयोग होता है, इसलिए भविष्य की जरूरतों को देखते हुए वृक्षारोपण में सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रत्येक भट्ठा संचालक एक सड़क या सार्वजनिक स्थल को गोद लेकर वहां पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाए।
डीएम ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और देखभाल सबसे महत्वपूर्ण है। यदि पौधों की एक-दो वर्ष तक सही तरीके से देखभाल की जाए तो वे लंबे समय तक पर्यावरण संरक्षण, शुद्ध ऑक्सीजन और छाया प्रदान करते हैं।
उन्होंने सभी विभागों, संस्थाओं और नागरिकों से 12 जुलाई के वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा संपर्क मार्गों एवं अन्य उपयुक्त स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराने का आह्वान किया। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, सामाजिक निदेशक वानिकी विकास नायक, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


